कांधला। थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को 108 एंबुलेंस से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के गाँव पंजोखरा स्थित श्मशान घाट के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को गाँव जसाला निवासी राजवीर सिंह का पुत्र मोनू कुमार किसी कारणवश पहुँच गया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसका एक पैर कट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर खंद्रावली पुलिस और जीआरपी टीम पहुँची। घायल युवक को 108 एंबुलेंस से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। खंद्रावली चौकी प्रभारी बिजेंदर रावल ने बताया कि युवक का एक पैर कट गया है। मामले की जाँच शामली जीआरपी पुलिस कर रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह के अनुसार, युवक की हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।















