कांधला। कस्बे के सलेमपुर मार्ग स्थित हमजा कॉलोनी में ई रिक्शा किराए के एक मामूली झगड़े ने खौफनाक रूप ले लिया। ई-रिक्शा चालक किराया मांगा तो युवक ने गुस्से में चाकू से उस पर हमला कर घायल कर दिया। घायल को चिंताजनक हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के हमजा कॉलोनी सलेमपुर मार्ग निवासी सफीक नामक व्यक्ति ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। शनिवार को ई रिक्शा चालक दिल्ली बस स्टैंड से सवारी बैठक छोड़ने के लिए जा रहा था। पीड़ित के मुताबिक रिक्शा में सवार युवक को बायपास मार्ग तक का किराया 10 रुपये और सलेमपुर मार्ग तक का 20 रुपये बताया, जिस पर युवक आगबबूला हो गया। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर झगड़ा हिंसक हो गया। आरोप है कि युवक ने अचानक चाकू निकालकर सफीक पर वार कर दिए। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायल को बचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत सफीक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया। चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल पर धारदार हथियार से हमला किया गया है और बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया गया है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















