शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में एक युवक की गोली मारकर हत्या के बाद दिल्ली नेशनल हाईवे पर परिजनों ने जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जाम खुलवाने पहुंचे कैराना क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत कुमार ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। जाम न खोलने पर सीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी।
सीओ की इस चेतावनी के बाद आक्रोशित परिजनों और उनके बीच जमकर बहस हुई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बाद में, वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और उन्होंने जाम खोल दिया।
गौरतलब है कि खंद्रावली निवासी 24 वर्षीय युवक आशु का शव दिल्ली नेशनल हाईवे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आशु की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही युवक की हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।
मृतक युवक 24 वर्षीय आशु शामली के एक अल्ट्रासाउंड सैंटर पर काम करता था। परिजनों का आरोप हैं कि हत्यारों ने हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद वारदात को दुर्घटना अंजाम देने का प्रयास किया।















