शामली। शहर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी बिलों के माध्यम से जीएसटी चोरी कर राजस्व को हानि पहुंचाने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपित विशाल राजवंशी पुत्र श्योजीराम राजवंशी निवासी नोरपुर टोंक राजस्थान ने बताया कि उसने पैसा कमाने के उद्देश्य से एक बीआर ट्रेडर्स नाम से फर्जी फर्म बनाई थी जिसमें उसने फर्जी आधार कार्ड व फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग किया। उसने 15 जनवरी 2025 को इस फर्म का रजिस्ट्रेशन कराया था। इस फर्म के नाम से वह फर्जी बिल तैयार कर जीएसटी की चोरी करता था, उसके द्वारा केवल बिल व पर्चे पर विभिन्न फर्मो के साथ खरीद फरोख्त दिखाई जाती थी, जिसके बाद अधिकारियों द्वारा उसकी फार्म की जांच की गयी तथा 27 जनवरी 2025 को जीएसटी विभाग ने उसका रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया था।















