शामली। एलिवेटेड मार्ग पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की कृष्णा कॉलोनी निवासी मनोज श्रीवास्तव (34) देहरादून में प्रॉपर्टी का काम करते थे। सोमवार सुबह वह अपनी कार से देहरादून जा रहे थे। सुबह करीब चार बजे खेकड़ा क्षेत्र में डूंडाहेड़ा के पास एलिवेटेड मार्ग पर आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी कार सामने वाले वाहन से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मनोज श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कुछ ही देर में मनोज श्रीवास्तव ने मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें कार से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के भाई मेंगेश कुमार भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जांच अधिकारी व कार्यवाहक इंचार्ज ओमप्रकाश सिरोही ने बताया कि एलिवेटेड मार्ग पर हुए हादसे में इंदौर निवासी मनोज श्रीवास्तव की मौत हो गई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।















