शामली। भारतीय जनता पार्टी शामली द्वारा शुक्रवार को नगर पालिका में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सशक्त नारी, सशक्त भारत’ एक आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत की नींव है, जो नारी शक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वतंत्रता और राजनीतिक निर्णय लेने में भागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाता है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तेजेन्द्र निर्वाल ने कहा कि महिला आरक्षण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी पहलें इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं, जो महिलाओं को समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। देश में महिलाओं का नेतृत्व और उनकी भागीदारी, महिलाओं को नीति-निर्माण और राजनीति में प्रमुख भूमिका दिला रही है, जो एक विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करती है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का जश्न, लोकतंत्र का नया उदय है, दशकों के संघर्ष के बाद, लोकसभा और विधानसभाओं में भागीदारी से देश की बेटियाँ अब भविष्य की नींव रखेंगी। नारी शक्ति के प्रेरणादायी नेतृत्व में भारत नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर होगा। एमएलसी वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नारी शक्ति के प्रति सरकार का दृष्टिकोण बिलकुल अलग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के योगदान को आत्मनिर्भर भारत की पहचान बताया है, जो अपने संकल्प और सेवा भाव से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना और उन्हें समाज में समान अवसर देना है।
नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल ने कहा कि महिला भगवान की वह कृति है जिसमें हर सुख-दुःख, हर बाधा को पार करनी की क्षमता होती है। नारी जो मन में ठान ले उसको पूरा करने के लिए अपनी पूरी जान लगा देती है। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की विधानसभा संयोजक मीनू संगल ने कहा कि देश में आधी आबादी महिलाओं की है इसलिए देश को पूरी तरह से शक्तिशाली बनाने के लिए महिला सशक्तिकरण बहुत जरूरी था। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय तोमर, अनिल कुमार उपाध्याय, बबीता चौहान, मीनू संगल, सभासद मीरा चावला, ममता जयन्त, वीना अग्रवाल, शशी अरोरा, स्नेहलता गर्ग, पूनम शर्मा, मुनेश देवी, मधु बंसल, अनिता बंसल, सुनिता पाल, ऊषा देवी, अमिता रानी, फूलमती, अन्जू आर्य, रीतू जैन आदि मौजूद रहे।















