शामली। शहर के कैराना रोड स्थित एक हास्पिटल में प्रसव के दौरान चिकित्सक द्वारा बरती गयी लापरवाही से महिला की हाल बिगडने व गंभीर हालत में रैफर करने के मामले में बुधवार को सामाजिक संगठनों द्वारा डीएम को प्रार्थना पत्र देकर महिला चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को अखिल भारतीय करणी सेना, राजपूत उत्थान सभा के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव मानकपुर निवासी रजनीश सिंह ने अपनी गर्भवती पत्नी को कैराना रोड स्थित एक हास्पिटल में प्रसव पीडा के बाद भर्ती कराया था। 11 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे पत्नी का उपचार शुरू हुआ लेकिन रात करीब एक बजे डाक्टर ने कहा कि महिला का आपरेशन करना पडेगा लेकिन अभी उनके पास सर्जन नहीं है, महिला के परिजनों ने चिकित्सक से कहा कि वे उन्हें किसी अन्य जगह रैफर कर दें लेकिन महिला चिकित्सक ने कहा कि एक बार और प्रयास करते हैं। रजनीश सिंह ने बताया कि 12 अप्रैल की तडके महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया लेकिन बच्चे के जन्म के बाद से ही महिला की हालत खराब होने लगी, सुबह लगभग 4 बजे चिकित्सक ने महिला को पानीपत के लिए रैफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि प्रसव में लापरवाही के कारण महिला की बच्चेदानी क्षतिग्रस्त हो गयी है जिसे तुरंत निकालना होगा। चिकित्सकों ने आपरेशन के बाद बच्चेदानी को निकाल दिया जिसके बाद उसकी पत्नी की जान बच पाई। उन्होंने बताया कि पीडित परिजनों ने सीएमओ से इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी जिसके बाद एसीएमओ को मामले की जांच सौंपी गयी थी। जांच में एसीएमओ ने भी इस मामले में चिकित्सक की लापरवाही पाई थी। उन्होने डीएम से महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर रजनीश सिंह, ठा. रामचरण पुंडीर, निवेश पुंडीर, राहुल शर्मा, शुभम चौहान, देवेन्द्र धीमान, नरेन्द्र सिंह, कुलदीप राणा, रवि राणा आदि भी मौजूद रहे।















