शामली। गांव पावटी कला निवासी निपम चौहान ने 24वीं नेशनल जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स फैडरेशन चैम्पियनशिप के बालिका वर्ग में मात्र 11.53 सैकेंड में 100 मीटर दौड में प्रथम स्थान हासिल कर नेशनल रिकार्ड बनाकर प्रदेश व जनपद का नाम रोशन किया है। निपम चौहान की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
एथलेटिक्स सचिव जबरसिंह खैवाल ने बताया कि गांव पावटी कलां निवासी निपम चौहान ने कर्नाटक के टुमकुर में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित 24वीं नेशनल जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स फैडरेशन चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए मात्र 11.53 सैकेंड में 100 मीटर दौड में प्रथम स्थान हासिल कर नया नेशनल रिकार्ड बनाया है। निपम चौहान ने एशियाई एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर बडी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि निपम के नेशनल रिकार्ड बनाने के बाद गांव पावटी कलां में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही थी लेकिन भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविाार के लिए उन्हें तुरंत बेंगलुरू बुला लिया गया जहां वह इंडिया कैंप में एशियन गेम्स की तैयारी करते हुए देश के लिए पदक जीतने के लिए मेहनत करेंगी। जबरसिंह खैवाल ने बताया कि पावटी कलां की बेटी निपम चौहान इससे पूर्व भी 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं तथा कई राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब वह 28 व 29 मई को चीन के हांगकांग में होने वाली अंडर-20 के एशियाई गेम्स में भी अपना प्रदर्शन करेंगी। निपम चौहान की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीण व गणमान्य लोगों ने निपम को बधाई दी है।















