शामली। नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसी भावना को साकार करते हुए शामली की ‘सम्मान रसोई’ जरूरतमंदों के लिए लगातार आशा का केंद्र बनी हुई है। गुरुवार को रसोई में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर सेवा कार्य में सहयोग किया।
समाजसेवी अजय संगल एवं निशांत गुप्ता ने बताया कि सम्मान रसोई अपने उद्देश्य के अनुरूप लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध करा रही है। यहां केवल 10 रुपये में स्वच्छ, शुद्ध और पौष्टिक भोजन दिया जाता है। रसोई का मुख्य उद्देश्य है कि शहर में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, साथ ही उसे भोजन के बदले एक गरिमामयी योगदान का अवसर भी मिले। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थानाभवन के पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा ने कहा कि सम्मान रसोई जैसी पहल समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है और इस प्रकार की रसोइयां न केवल भूख मिटाती हैं, बल्कि लोगों को सम्मान के साथ जीने का अवसर भी देती हैं। इस अवसर पर वंश छाबड़ा, तुषार, रजत सहित अनेक समाजसेवी मौजूद रहे।















